देशभर में बोर्ड एग्जाम का आगाज़, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
नई दिल्ली|केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार यानी आज से शुरू हो रही हैं। इस साल दोनों कक्षाओं में कुल 43 लाख से अधिक छात्र पंजीकृत हैं। 10वीं की परीक्षा की शुरुआत गणित बेसिक और गणित स्टैंडर्ड पेपर से होगी। वहीं 12वीं की परीक्षा बायोटेक्नोलॉजी, उद्यमिता और शॉर्टहैंड विषय से शुरू होगी। बोर्ड के मुताबिक 10वीं में 25,08,319 छात्र पंजीकृत हैं, जिनमें 14,08,546 छात्र और 10,99,773 छात्राएं शामिल हैं। 12वीं में 18,59,551 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 10,27,552 छात्र और 8,31,999 छात्राएं हैं।
देशभर में 15,649 परीक्षा केंद्र
परीक्षाओं के लिए देशभर में 15,649 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 10वीं के लिए 8,075 और 12वीं के लिए 7,574 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा का समय सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक रहेगा। छात्रों को सुबह 10.00 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट अतिरिक्त दिए जाएंगे।
संवेदनशील केंद्रों की विशेष निगरानी
बोर्ड ने परीक्षा के निष्पक्ष संचालन के लिए सख्त इंतजाम किए हैं। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रहेगी और सभी केंद्र सीसीटीवी कैमरों से लैस हैं। छात्रों को स्कूल ड्रेस और प्रवेश पत्र के साथ ही केंद्र में प्रवेश मिलेगा। मोबाइल फोन, ईयरफोन समेत किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।
शांत मन, आत्मविश्वास के साथ हल करें प्रश्न पत्र
विद्यार्थी प्रत्येक प्रश्नपत्र को शांत मन आत्मविश्वास और सुविचारित रणनीति के साथ हल करें। निर्धारित समय में प्रश्न पत्र को ध्यानपूर्वक पढ़ें, समय का संतुलित प्रबंधन करें तथा उत्तर स्पष्ट, सुसंगठित एवं मुख्य बिंदुओं को रेखांकित करते हुए लिखें। प्रश्न पत्र हल करने के बाद अंत में उत्तर-पुस्तिका का पुनरावलोकन जरूर करें। परीक्षा के बाद अनावश्यक चर्चा से बचें। परीक्षाओं के दौरान संतुलित दिनचर्या अपनाएं और पर्याप्त विश्राम लें।जितना तनाव मुक्त रहेंगे उतना ही प्रश्न-पत्र को अच्छे से हल कर पाएंगे। दिमाग को फोकस रखने के लिए आधे घंटे ध्यान जरूर लगाएं। प्रश्न पत्र में कुछ छूट जाए तो तनाव को हावी न होने दें, अभिभावकों व शिक्षकों से बात करते रहें। यह ध्यान करें कि अनुशासन, ईमानदारी और संयम ही सफलता के वास्तविक आधार हैं। ज्योति अरोड़ा, प्रधानाचार्य, माउंट आबू पब्लिक स्कूल
